रक्षाबंधन पर बच्चों संग PM मोदी, राष्ट्रपति मुर्मू और CM योगी ने मनाया त्योहार

रक्षाबंधन के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्कूल के बच्चों के साथ त्योहार मनाया। राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में बच्चों और छात्रों के साथ राखी का पर्व मनाया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने भी बच्चों के साथ रक्षाबंधन सेलिब्रेशन की तस्वीरें साझा कीं। वहीं, लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ‘स्नेहबंधन’ कार्यक्रम में शामिल हुए और स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में अलग-अलग स्कूलों और संगठनों से आए बच्चों और छात्रों के साथ रक्षाबंधन मनाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का महत्व सिर्फ भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है।
राष्ट्रपति ने कहा कि राखी का पवित्र धागा परिवार के सदस्यों, दोस्तों और पेड़ों पर भी बांधा जा सकता है। यह प्यार और देखभाल के बंधन का प्रतीक है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए बच्चों से पेड़-पौधों की देखभाल करने का आग्रह किया।
PM मोदी ने बच्चों संग साझा की सेलिब्रेशन की झलक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रक्षाबंधन के दौरान बच्चों के साथ हुए सेलिब्रेशन की पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा, “आज रक्षाबंधन के जश्न के दौरान हाई-फाइव, मुस्कान और बहुत कुछ देखने को मिला.”
इस मौके पर बच्चों के साथ प्रधानमंत्री का सहज अंदाज भी देखने को मिला।
लखनऊ में CM योगी का ‘स्नेहबंधन’ कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में आयोजित ‘स्नेहबंधन’ कार्यक्रम में शामिल हुए। रक्षाबंधन के मौके पर उन्होंने स्कूल के बच्चों के साथ त्योहार मनाया।
कार्यक्रम में बच्चों के साथ रक्षाबंधन के पर्व की खुशियां साझा की गईं।
उपराष्ट्रपति ने दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने एक्स पर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह खुशी का अवसर प्यार, स्नेह और आपसी जुड़ाव के बंधन को मजबूत करे।
उन्होंने लोगों को दया, सद्भाव और आपसी सम्मान के मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित होने की बात कही। साथ ही सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
नितिन नबीन और चिराग पासवान ने भी दी बधाई
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और रक्षा के संकल्प का यह पर्व सांस्कृतिक मूल्यों और पारिवारिक बंधनों को मजबूत करता है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी एक्स पर देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पर्व को भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक बताया और सभी के जीवन में खुशियां तथा आपसी विश्वास बने रहने की कामना की।



