तंबाकू कारोबार में 88 करोड़ का GST रिफंड घोटाला, DGGI का खुलासा

नई दिल्ली। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) खुफिया इकाई ने तंबाकू के क्षेत्र में 88 करोड़ रुपये से अधिक के जीएसटी के रिफंड फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है और 150 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की सिगरेट की बिक्री पर रोक लगा दी है।
वित्त मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) की पटना क्षेत्रीय इकाई ने तंबाकू सेक्टर में टैक्स चोरी रोकने की कोशिशों को जारी रखते हुए जांच के बाद फर्जी जीएसटी रिफंड हासिल करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया।
जांच में पता चला कि यह गिरोह मुखौटा कंपनियों के नेटवर्क के जरिए काम कर रहा था। ये कंपनियां ब्रांडेड सिगरेट के डीलरों से बिना वास्तविक माल लिए चालान खरीदती थीं और इस तरह धोखाधड़ी से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) हासिल करती थीं।
जांच से पता चला है कि सिंडिकेट ने पिछले दो सालों में ऊपर बताए गए तरीके को अपनाकर ₹88 करोड़ से ज़्यादा का रिफंड हासिल किया।
जांच के दौरान कोलकाता के फाल्टा एसईजेड में अलग-अलग जाने-माने ब्रांड के नाम वाली, लगभग 8.76 करोड़ स्टिक (8,410 कार्टन) नकली और घटिया सिगरेट मिलीं, जिनकी कुल एमआरपी कीमत 150 करोड़ रुपये से ज़्यादा थी। इन्हें बैन कर दिया गया है।
इसके साथ ही सिंडिकेट में शामिल एंटिटी और लोगों की पहचान करने और टैक्स चोरी और फ्रॉड रिफंड की पूरी रकम का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।
मंत्रालय ने कहा कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक डीजीजीआई ने सिगरेट के विनिर्माण/आपूर्ति से जुड़े छह (06) मामले दर्ज किए हैं और 160 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 10.07 करोड़ से अधिक सिगरेट स्टिक जब्त की हैं ।
इसके अलावा मशीनरी, पैकिंग सामग्री, कच्चा माल आदि भी जब्त किया है। इसके अलावा अब तक धोखाधड़ी से प्राप्त जीएसटी रिफंड की कुल मात्रा 110 करोड़ रुपये से अधिक है।



