National

ब्रिक्स समिट 2026: दिल्ली पहुंचे पुतिन, शी जिनपिंग से होगी वार्ता;

नई दिल्ली: भारत की मेजबानी में 12 और 13 सितंबर को आयोजित हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Summit 2026) के लिए विदेशी मेहमानों का नई दिल्ली पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत पहुंच चुके हैं, जबकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 सितंबर को दिल्ली आएंगे। सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विभिन्न देशों के राष्ट्रप्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे, जिसका पूरा आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।

11 से 13 सितंबर तक द्विपक्षीय बैठकों का विस्तृत शेड्यूल

जारी शेड्यूल के मुताबिक, 11 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे।

12 सितंबर को पीएम मोदी इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और वियतनाम के प्रधानमंत्री ली मिन्ह हुंग से मुलाकात करेंगे। इसी दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के साथ बैठक करेंगी, जबकि शाम को पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी।

13 सितंबर को पीएम मोदी की कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव, फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी, साउथ अफ्रीका के राष्ट्रपति माटामेला सिरिल रामफोसा, बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदाइशिमीये, नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टिमा और युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी।

अभेद्य सुरक्षा: ब्लैक कैट कमांडो और एंटी-ड्रोन रडार तैनात

ब्रिक्स समिट को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) के 100 से अधिक ब्लैक कैट कमांडो और दिल्ली पुलिस की स्वाट (SWAT) टीमें तैनात की गई हैं। कार्यक्रम स्थल ‘भारत मंडपम’ और विदेशी प्रतिनिधियों के ठहरने के लिए चिह्नित 11 प्रमुख होटलों के आसपास हवाई खतरों से निपटने के लिए हाई-टेक एंटी-ड्रोन सिस्टम और रडार लगाए गए हैं।

दिल्ली में दफ्तर-स्कूल बंद, 35 से अधिक सड़कें सील

वीवीआईपी काफिलों की सुरक्षित आवाजाही और सुरक्षा पुख्ता करने के लिए 13 सितंबर तक नई दिल्ली में कड़े प्रतिबंध लागू किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 22 डायवर्जन प्वाइंट बनाए हैं और 35 से ज्यादा रास्तों को पूरी तरह बंद कर दिया है। सड़कों पर भीड़ कम करने के लिए आज दिल्ली के सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी-निजी दफ्तर बंद रखे गए हैं। इसके अलावा दिल्ली की सभी सीमाओं पर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button