कैफे मोंडेगर का लाइसेंस सस्पेंड, जांच में मिलीं ये खामियां

मुंबई के मशहूर कैफे मोंडेगर का खाद्य लाइसेंस महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सस्पेंड कर दिया है। कोलाबा स्थित कैफे में जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी गंभीर कमियां मिलीं। FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे की टीम ने कैफे के अलावा 3 अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की है।
कैफे में खाने के तापमान से लेकर सफाई तक में कमी
FDA की टीम ने शनिवार को कैफे मोंडेगर का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि गर्म खाने को 60 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रखने के तय नियम का पालन नहीं हो रहा था। वहीं ठंडे खाने को 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रखने की व्यवस्था भी नहीं मिली।
जांच में खाने को पिघलाने और पके हुए भोजन को ठंडा करने के सही तरीकों का पालन नहीं होने की बात भी सामने आई। साफ-सफाई और उपकरणों की स्वच्छता में भी कमियां मिलीं। भोजन तैयार करने वाली जगह के पास जल निकासी की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं थी। FDA के मुताबिक इससे एक खाद्य पदार्थ से दूसरे में गंदगी या बैक्टीरिया पहुंचने का खतरा था।
3 और प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई
कैफे मोंडेगर के अलावा FDA ने 3 अन्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी सस्पेंड किए हैं। इनमें घाटकोपर वेस्ट का त्रिभुवन डेयरी फार्म, कांदिवली ईस्ट का महाराष्ट्र बिरयानी सेंटर और घाटकोपर ईस्ट का महावीर काजू एंड फूड्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल है। जांच में इन प्रतिष्ठानों में भी खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाया गया।
FDA के अनुसार इन 4 प्रतिष्ठानों में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के शेड्यूल 4 में बताए गए स्वच्छता और साफ-सफाई के जरूरी नियमों का पालन नहीं मिला।
त्योहारों के दौरान 38 जगहों की जांच
त्योहारों के दौरान FDA ने मुंबई में 38 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान दूध, खोया, घी और मिठाइयों समेत 47 खाद्य नमूने लिए गए। इनमें 9 अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
मुंबई के बाहर भी दूध और दूध से बने उत्पाद बेचने वाले प्रतिष्ठानों की जांच की गई। FDA के अनुसार राज्यभर में 30 लीटर दूध और 4,138.7 किलोग्राम दूध से बने उत्पाद व मिठाइयां जब्त की गईं। इनकी कुल कीमत 15.58 लाख रुपये बताई गई है।



