chhattisgarh

राज्योत्सव में कृषि विभाग का स्टॉल बना आकर्षण, हरियाली के बीच खेती-किसानी की नई तकनीकें

बीज-खाद से लेकर आधुनिक कृषि यंत्रों तक की जानकारी ले रहे लोग; कामधेनु विश्वविद्यालय की रबड़ी और बस्तर कैफे भी खींच रहे ध्यान

रायपुर। नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2026 में कृषि विभाग का स्टॉल लोगों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। यहां चारों तरफ फैली हरियाली के बीच खेती-किसानी, मत्स्य पालन, जल प्रबंधन और जैव विविधता का अनूठा प्रदर्शन किया गया है। स्टॉल में पहुंच रहे लोग खेती से जुड़े उत्पादों, बीज, खाद्य पदार्थों और आधुनिक कृषि यंत्रों के बारे में जानकारी लेने के साथ खरीदारी भी कर रहे हैं।

स्टॉल में प्रवेश करते ही हरे-भरे पौधे और ग्रामीण परिवेश का नजारा लोगों को सुकून का एहसास करा रहा है। यहां सब्जियों, फूलों, पेड़-पौधों और पशुधन विकास से जुड़ी गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया है। कृषि के साथ उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। प्राकृतिक खेती, भूजल स्तर और पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को भी प्रदर्शित किया गया है।

रबड़ी की मिठास और बस्तर कैफे की खुशबू

स्टॉल के एक हिस्से में कामधेनु विश्वविद्यालय की रबड़ी लोगों को आकर्षित कर रही है। यहां पहुंचकर लोग इसकी जानकारी लेने के साथ स्वाद भी चख रहे हैं। वहीं बस्तर कैफे की सुगंध भी लोगों को अपनी ओर खींच रही है। शहद सहित दूसरे खाद्य उत्पादों की खरीदी में भी लोग रुचि दिखा रहे हैं।

किसानों को आधुनिक यंत्रों और अनुदान की जानकारी

कृषि विभाग के स्टॉल में बेलर, स्ट्रॉ चॉपर, कंबाइन हार्वेस्टर, पैडी ट्रांसप्लांटर और रीपर जैसे आधुनिक कृषि यंत्र प्रदर्शित किए गए हैं। किसानों को इनकी उपयोगिता और खरीद पर मिलने वाले सरकारी अनुदान की जानकारी दी जा रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार फसल विविधीकरण को बढ़ावा दे रही है। किसानों को परंपरागत धान की खेती के साथ मिट्टी, जलवायु और बाजार की मांग के अनुरूप अधिक लाभकारी फसलें अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य खेती को लाभकारी बनाकर किसानों की आय बढ़ाना है।

Related Articles

Back to top button