chhattisgarh

सीएम साय का जनदर्शन शुरु, समस्याओं का निदान हुआ तेज, खिल उठे परेशान चेहरे

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनदर्शन कार्यक्रम गुरुवार से राजधानी रायपुर में शुरु हो गया है। राज्य के अलग-अलग जिलों से लोग अपनी समस्याएं, शिकवे शिकायत और परेशानी बताने आए। मुख्यमंत्री ने खुद सुनवाई की अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके साथ ही समस्याओं के निदान का क्रम शुरु हो गया है। खास बात ये है कि ये कार्यक्रम अब हर हफ्ते निर्धारित है।

काैन आया किसने रखी क्या बात, कैसे हुआ समाधान

बाबा आप चिंता मत करो- किससे कहा सीएम साय ने

कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय बुजुर्ग  परसराम राठौर अपने पुत्र श्री सोमनाथ राठौर के साथ अपनी पीड़ा लेकर पहुंचे।
परसराम राठौर ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पिछले लगभग 30 वर्षों से सुनने की समस्या से जूझ रहे हैं। इस कारण उन्हें सामान्य बातचीत और रोजमर्रा के कामकाज में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सुनने में दिक्कत को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने उनसे बड़ी ही आत्मीयता से बात की और उनकी पूरी बात धैर्यपूर्वक सुनी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बुजुर्ग का हालचाल पूछा और कहा, “बाबा, चिंता मत कीजिए, अब आपको सुनने में परेशानी नहीं होगी। आपकी समस्या का समाधान यहीं किया जाएगा।” उन्होंने यह भी पूछा कि क्या उन्हें देखने में भी कोई तकलीफ है। श्री राठौर द्वारा आंखों की कमजोरी की बात बताए जाने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को श्रवण यंत्र के साथ-साथ चश्मा भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मिला श्रवण दिव्यांगता का प्रमाण पत्र

इसी जनदर्शन में श्रवण संबंधी समस्या को लेकर भाटापारा के नेहरू वार्ड निवासी  बलवंत सिंह यादव ने भी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को आवेदन सौंपकर श्रवण यंत्र तथा श्रवण दिव्यांगता (बहरापन) प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की मांग की। श्री यादव ने अपने आवेदन में बताया कि उन्हें दाएं कान से कम सुनाई देता है और बाएं कान में भी श्रवण त्रुटि है, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया और दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान करने के निर्देश दिए।

पैरों के ऑपरेशन के लिए सहायता की गुहार

रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी  अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग माता श्रीमती हिरकना बाई कोटांगले के साथ बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए सहायता की गुहार लेकर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मिले। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चे का ऑपरेशन अब तक नहीं हो पा रहा था। मुख्यमंत्री श्री साय ने परिवार की व्यथा को गंभीरता से सुना और तत्काल उपचार के निर्देश दिए।राजनांदगांव से अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंची मां पूर्णिमा साहू की गुहार पर संवेदनशीलता दिखाते हुए उसके बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका बेटा पार्थ प्रीमैच्योर पैदा हुआ था। जन्म के समय उसकी स्थिति कमजोर होने के कारण उसे करीब दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। अब तीन साल की उम्र में भी वह शारीरिक रूप से कमजोर है। उसकी आंखों में मोटा चश्मा लगा हुआ है। चिकित्सकों ने उसे मोतियाबिंद की समस्या बताई है और आंखों में लेंस प्रत्यारोपण के उपचार पर लाखों रुपये का खर्च बताया है। पूर्णिमा ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बेटे के महंगे इलाज का खर्च उठाना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा है। अपने बच्चे के बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर वह जनदर्शन में मुख्यमंत्री के समक्ष पहुंची थीं। मुख्यमंत्री श्री साय ने मां की चिंता और बच्चे की स्वास्थ्य संबंधी समस्या को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पार्थ के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आर्थिक परेशानी उसके उपचार में बाधा न बने।

सरकार साथ खड़ी है- किससे कहा साय ने

जशपुर से आई बिटिया फरहीन ने मुलाकात कर अपने परिवार की आर्थिक परेशानियों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने बेहद आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ उसकी पूरी बात सुनी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। अपनी माता के साथ जनदर्शन में पहुंची बीकॉम की छात्रा फरहीन ने बताया कि उसके पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे। लंबे समय तक चले इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई। बीमारी से संघर्ष करते हुए वर्ष 2025 में पिता का निधन हो गया। पिता के इलाज में आर्थिक संसाधन समाप्त हो जाने के कारण अब परिवार के सामने घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई है। फरहीन की आपबीती सुनकर मुख्यमंत्री श्री साय ने उसे ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने फरहीन को अपनी पढ़ाई बिना किसी चिंता के जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि कठिन परिस्थितियों में सरकार जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ी है।

सना और सानिया ने क्या बताया सीएम को

नवा रायपुर से आई मार्शल आर्ट की खिलाड़ी बेटियों सना और सानिया ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों बेटियों की खेल उपलब्धियों और पढ़ाई के साथ खेल के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया। सना और सानिया ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे मार्शल आर्ट में लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। दोनों गोल्डन कप सहित खेलो इंडिया गेम्स और दमन में आयोजित बीच गेम्स में भी हिस्सा लेकर पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने अपनी खेल उपलब्धियों और भविष्य की तैयारियों के बारे में भी मुख्यमंत्री को जानकारी दी। दोनों बहनें खेल के साथ शिक्षा को भी समान महत्व दे रही हैं। सना बीकॉम और सानिया बीसीए की पढ़ाई कर रही हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनकी इस लगन की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई और खेल दोनों क्षेत्रों में संतुलन बनाकर आगे बढ़ना उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने दोनों बेटियों को अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

अवान को मिली ये मदद

रायपुर से अपने सात वर्षीय सुपुत्र मोहम्मद आवान के उपचार के लिए सहायता मांगने पहुंचे मोहम्मद आरिफ ने मुख्यमंत्री श्री साय को अपनी आर्थिक परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनका बेटा ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है और उसकी नियमित थेरेपी में प्रतिमाह लगभग 40 हजार रुपए का खर्च आता है। दुर्घटना में चोटिल होने के बाद उनके पास वर्तमान में रोजगार का कोई साधन नहीं है। ऐसे में परिवार की आजीविका चलाने के साथ ही बच्चे की नियमित थेरेपी का खर्च वहन करना उनके लिए बेहद कठिन हो गया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने पिता की व्यथा को संवेदनशीलता के साथ सुना और बच्चे की थेरेपी के लिए तत्काल 40 हजार रुपए की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने आवान के बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस सहायता से आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे परिवार को बच्चे की थेरेपी जारी रखने में मदद मिलेगी।

ये लोग मदद की राशि का चेक लेकर लाैटे

पाटन से जनदर्शन में पहुंचे  ज्ञानेश कुमार साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पेट संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित हैं और आर्थिक कठिनाइयों के कारण उपचार कराने में असमर्थ हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनकी समस्या को सुनकर उपचार के लिए तत्काल 10 हजार रुपए का चेक प्रदान किया। रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय  नरसिंह सोलंकी के उपचार के लिए भी मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता प्रदान की। मुख्यमंत्री ने उनकी सुपुत्री सुश्री ऋषिका सोलंकी को 5 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक सौंपा।

Related Articles

Back to top button