AIIMS रायपुर के दीक्षांत समारोह के निमंत्रण पर विवाद, सांसद बृजमोहन अग्रवाल का नाम नहीं; भाजपा नेताओं में नाराजगी

रायपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह से पहले आमंत्रण पत्र को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। 2 सितंबर को सुबह 11 बजे होने वाले समारोह में देश के उपराष्ट्रपति टी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। हालांकि, समारोह के निमंत्रण पत्र में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल का नाम नहीं होने को लेकर भाजपा नेताओं और समर्थकों ने सवाल उठाए हैं।
बताया जा रहा है कि सांसद अग्रवाल के अलावा एम्स सलाहकार समिति के सदस्य विजय बघेल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत और रायपुर महापौर मीनल चौबे के नाम भी अतिथियों की सूची में शामिल नहीं हैं। स्थानीय भाजपा नेताओं का कहना है कि रायपुर स्थित केंद्रीय संस्थान के महत्वपूर्ण आयोजन में क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाना चाहिए था।
प्रोटोकॉल के अनुसार तैयार हुई सूची
विवाद के बीच एम्स प्रबंधन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि कार्यक्रम में मंच व्यवस्था और अतिथियों की सूची उपराष्ट्रपति सचिवालय के दिशा-निर्देशों तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार तय की गई है। फिलहाल एम्स प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पिछले साल भी नहीं था नाम
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पिछले वर्ष आयोजित दीक्षांत समारोह के निमंत्रण पत्र में भी बृजमोहन अग्रवाल का नाम नहीं था। वहीं, सांसद अग्रवाल द्वारा पूर्व में लोकसभा में एम्स रायपुर की व्यवस्थाओं और निदेशक से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठाए जाने की बात भी सामने आ रही है।
समारोह में ये दिग्गज होंगे शामिल
2 सितंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति टी. राधाकृष्णन के अलावा राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, एम्स रायपुर अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा और कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) मौजूद रहेंगे। फिलहाल निमंत्रण पत्र को लेकर उठे विवाद पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और एम्स प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।



