National

FSSAI की सख्ती के बाद 6 कंपनियों ने हटाए दावे

नई दिल्ली। खाने-पीने की चीजों के पैकेट पर ‘100% शुद्ध’ या ‘100% प्राकृतिक’ लिखा देखकर इसे गुणवत्ता की गारंटी न मानें। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने ऐसे दावों को भ्रामक मानते हुए खाद्य कंपनियों पर कार्रवाई तेज कर दी है। प्राधिकरण की सख्ती के बाद छह कंपनियों ने अपने उत्पादों की पैकेजिंग, लेबल, वेबसाइट और प्रचार सामग्री से ‘100%’ वाले दावे हटा दिए हैं।

FSSAI के मुताबिक, ऐसे दावों से उपभोक्ताओं को उत्पाद की शुद्धता, गुणवत्ता या बेहतर होने को लेकर गलत धारणा बन सकती है। इससे ग्राहक किसी उत्पाद को दूसरे उत्पादों से ज्यादा शुद्ध या बेहतर समझकर खरीद सकते हैं।

FSSAI ने कंपनियों को दिए दावे हटाने के निर्देश

प्राधिकरण ने खाद्य कारोबारियों को ऐसे दावों से बचने की सलाह दी है, जो उपभोक्ताओं को उत्पाद की गुणवत्ता को लेकर भ्रमित कर सकते हैं। FSSAI ने मई 2025 में भी कंपनियों से लेबल, पैकेजिंग और विज्ञापनों में ‘100%’ जैसे दावों का इस्तेमाल सावधानी से करने को कहा था।

FSSAI का कहना है कि खाद्य सुरक्षा कानून में ‘100%’ शब्द को किसी खास गुणवत्ता या शुद्धता की आधिकारिक पहचान के तौर पर परिभाषित नहीं किया गया है। इसलिए कंपनियों को ऐसे दावे करते समय यह सुनिश्चित करना होगा कि उनकी भाषा सही और स्पष्ट हो।

इन 6 कंपनियों ने हटाए ‘100%’ वाले दावे

FSSAI के अनुसार, बोन बिस्कुट्स ने अपने ‘बोन क्यूमिन फ्लेवर जीरा बाइट’ बिस्कुट के विज्ञापन से ‘100%’ वाला दावा हटा दिया है।

ईमामी ने ‘जंडू हनी’ और एपिस इंडिया ने अपने शहद उत्पादों से ऐसे दावे हटाए हैं। एमवे इंडिया ने भी अपने कोकोनट ऑयल उत्पाद से ‘100%’ वाला दावा हटाने की पुष्टि की है। कंपनी पुराने पैकेटों को बिक्री से हटाकर नई पैकेजिंग लागू कर रही है।

केरल की जुजा फूड्स ने रागी, बनाना पाउडर और स्वीट पोटैटो पाउडर जैसे बेबी फूड उत्पादों की पैकेजिंग से ‘100%’ वाले दावे हटा दिए हैं। मास्टरचा फूड्स भी अपने रेमन नूडल्स पर ‘100% प्राकृतिक’ का दावा नहीं करेगा।

भ्रामक लेबल की ऐसे करें शिकायत

FSSAI ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अगर किसी खाद्य उत्पाद के पैकेट या विज्ञापन पर भ्रामक दावा दिखे तो इसकी शिकायत करें। शिकायत ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ ऐप या FoSCoS पोर्टल के जरिए की जा सकती है।

शिकायत करते समय उत्पाद के पैकेट की तस्वीर, FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर और अगर उत्पाद ऑनलाइन बिक रहा है तो उसका लिंक भी साझा किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button