chhattisgarh

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सरकारी खर्च से दीप जलाने की तैयारी पर अज़ीम खान का सवाल — “जनता के पैसे से प्रचार क्यों?”

आम आदमी पार्टी के रायपुर लोकसभा अध्यक्ष अज़ीम खान ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर रायपुर नगर निगम द्वारा दीप जलाने के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सरकार और नगर निगम पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

अज़ीम खान ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर यदि रायपुर नगर निगम द्वारा सरकारी धन से दीप एवं तेल की खरीदी कर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, तो जनता को यह बताया जाना चाहिए कि इस आयोजन में कितना सरकारी पैसा खर्च किया जा रहा है और इसके लिए बजट की किस मद का इस्तेमाल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि एक ओर आम जनता महंगाई, बढ़ते बिजली बिल और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से परेशान है, वहीं दूसरी ओर सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल प्रधानमंत्री के जन्मदिन के आयोजन में किया जा रहा है। यह सवाल स्वाभाविक है कि दीप और तेल की खरीदी पर होने वाले खर्च की भरपाई किस मद से होगी और इसका लाभ जनता को क्या मिलेगा?

अज़ीम खान ने सरकारी शिक्षकों की कार्यक्रम में ड्यूटी लगाए जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों की पढ़ाई और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यों में लगाया जाना चाहिए। किसी राजनीतिक या प्रचारात्मक आयोजन में सरकारी शिक्षकों की ड्यूटी लगाना उचित नहीं है ऐसे में बच्चो की पढ़ाई प्रभावित होगी साथ ही शिक्षा के स्तर पर जो गिरावट आएगी उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी ये भी तय करना होगा ।

उन्होंने कहा, “हम प्रधानमंत्री जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की व्यक्तिगत निंदा नहीं करना चाहते, लेकिन जनता के पैसे और सरकारी मशीनरी के इस्तेमाल पर सवाल उठाना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है।”

अज़ीम खान ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के प्रचार-प्रसार और आयोजनों पर सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, महंगे बिजली बिल और सामाजिक सौहार्द से जुड़े मुद्दों को लेकर चिंतित है। ऐसे समय में सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान होना चाहिए, न कि सरकारी धन से जन्मदिन के आयोजन करना।
उन्होंने रायपुर नगर निगम से मांग की कि इस कार्यक्रम से संबंधित कुल बजट, दीप एवं तेल की खरीदी का खर्च, भुगतान किस मद से किया जाएगा तथा सरकारी शिक्षकों की ड्यूटी लगाने का आदेश सार्वजनिक किया जाए।
अज़ीम खान ने कहा कि जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उसके टैक्स के पैसे का इस्तेमाल किस प्रकार और किन कार्यों में किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button