chhattisgarh

राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान : एचपीवी संक्रमण व सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लाभों की दी गई जानकारी

अम्बिकापुर । राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण, गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव में एचपीवी वैक्सीन की प्रभावशीलता, टीकाकरण के लाभ एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

दशमेश पब्लिक स्कूल में 60, कार्मेल स्कूल में 125 तथा होली क्रॉस स्कूल में 310 छात्राओं ने जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता की। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का एक सुरक्षित एवं प्रभावी उपाय है। समय पर टीकाकरण कराने से भविष्य में इस गंभीर बीमारी के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं की एचपीवी संक्रमण एवं टीकाकरण से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें अपने अभिभावकों को भी एचपीवी टीकाकरण के महत्व के संबंध में जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले की सभी पात्र छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।

कार्यक्रम के सफल संचालन में संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों के साथ स्वास्थ्य विभाग से शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सीमा तिग्गा, डॉ. चंदन केशरी, डॉ. साधना मिश्रा (RBSK Team-A), शहरी सुपरवाइजर धनेश प्रताप सिंह एवं हिमालय फार्मासिस्ट का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button