chhattisgarh

सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निराकरण करें : कलेक्टर

कोण्डागांव । कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं, निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को वीबी जीरामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सीएम हेल्पलाइन एवं सेवा सेतु पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह के गरिमामयी आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में कलेक्टर ने पुनर्वासित परिवारों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा उन्हें योजनाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने एग्रीस्टैक पंजीयन एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र किसानों को समय पर लाभ दिलाने के लिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को ई-ऑफिस का नियमित उपयोग कर कार्यालयीन कार्यों में दक्षता एवं गति बढ़ाने के लिए कहा।

कलेक्टर ने जन्म एवं मृत्यु पंजीयन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय एवं निजी चिकित्सालयों में होने वाले प्रत्येक जन्म एवं मृत्यु की सूचना का समयबद्ध पंजीयन करें। इसके अलावा स्वामित्व योजना के अंतर्गत नागरिकों को अधिकार अभिलेखों के वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए वितरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने मलेरिया की रोकथाम एवं बचाव के लिए नियमित जांच, निगरानी एवं जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही टीबी उन्मूलन अभियान के अंतर्गत आमजन को बीमारी के लक्षण, जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया।

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित शासन की अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण कार्यों की प्रगति में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, सभी एस डी एम तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button