Sports

भारत ने रचा इतिहास: 2026 में फिर जीता टी20 वर्ल्ड कप का खिताब,न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया

भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया लगातार दूसरी बार आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। इसके साथ ही भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। खास बात यह भी रही कि पहली बार किसी देश ने अपने ही घर में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप जीतने का कारनामा किया है।

फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों के बड़े अंतर से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 158 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई।

भारत की जीत में बल्लेबाजों का अहम योगदान रहा। संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। अभिषेक शर्मा ने भी आक्रामक अंदाज में 21 गेंदों में 52 रन जड़े, जबकि ईशान किशन ने 54 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।

गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। उनके अलावा अक्षर पटेल ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।

इस जीत के साथ भारत टी20 वर्ल्ड कप को तीन बार जीतने वाला पहला देश बन गया है। इससे पहले वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दो-दो बार टी20 विश्व कप जीत चुके हैं, लेकिन लगातार दो बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड अब केवल भारत के नाम हो गया है। भारत ने इससे पहले 2007 और 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीता था और अब 2026 में भी ट्रॉफी अपने नाम कर ली है।

Related Articles

Back to top button