जहरीले सांप को गले में लपेटकर गांव में घूमता रहा युवक: नशे में अस्पताल से भी भागा

पेंड्रा। जिले में जहरीले सांप के साथ खिलवाड़ का एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक संतराम भैना पड़ोसी के घर में घुसे जहरीले सांप को पकड़ने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उस समय वह नशे में था। सांप पकड़ने के बाद उसने उसे अपने गले में लपेट लिया और गांव में घूमने लगा।
वायरल वीडियो में संतराम के गले में जहरीला सांप लिपटा नजर आ रहा है। वह बिना किसी डर के सांप को गले में डाले घूमता दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों ने उसे ऐसा करने से रोकने की कोशिश भी की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।
सांप ने कई बार डसा, बिगड़ी हालत
स्थानीय लोगों के अनुसार गले में लिपटे सांप ने संतराम को कई बार डसा। कुछ देर बाद जहर का असर होने से उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, बताया जा रहा है कि अस्पताल में इलाज के दौरान मौका पाकर वह वहां से भाग निकला।
इसके बाद से संतराम भैना लापता है। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे हैं। उसकी स्थिति को लेकर परिवार चिंतित है और आसपास के इलाकों में खोजबीन की जा रही है।
विशेषज्ञों ने बताया बेहद खतरनाक
विशेषज्ञों के मुताबिक किसी भी जहरीले सांप को पकड़ना या उसके साथ इस तरह खिलवाड़ करना बेहद जोखिम भरा है। सांप के काटने के बाद जहर का असर तेजी से शरीर पर हो सकता है और समय पर उपचार नहीं मिलने पर जान भी जा सकती है। सांप को पकड़ने के बजाय प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या विशेषज्ञ को सूचना देना सुरक्षित तरीका है।
फिलहाल संतराम का सांप को गले में लपेटकर घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद ग्रामीण भी लोगों से इस तरह की हरकत न करने की अपील कर रहे हैं।



