chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में दिन का तापमान बढ़ा, रायपुर सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। राज्य में ठंड का असर कम हो रहा है और मौसम ड्राई बना हुआ है। पिछले 4-5 दिनों में औसतन तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आज महाशिवरात्रि पर मौसम साफ रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों में रायपुर का अधिकतम तापमान 32.9°C और अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 9.9°C दर्ज किया गया। राज्य के विभिन्न हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक रहा। फिलहाल कोई सक्रिय सिनॉप्टिक सिस्टम नहीं है।

सरगुजा संभाग में सुबह कोहरा छाया रहा। ठंड के मौसम का असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ा है। रायपुर के अस्पतालों में बीते महीने हाइपोथर्मिया के 400 से अधिक मामले सामने आए। हाइपोथर्मिया उस स्थिति को कहते हैं जिसमें शरीर का तापमान सामान्य 37 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है और शरीर के अंग सही तरीके से काम नहीं कर पाते।

डॉ. आकाश लालवानी के अनुसार, ठंडी हवा या पानी के संपर्क में आने पर शरीर अपनी गर्मी तेजी से खो देता है। ऐसे में समय पर इलाज न मिलने पर यह स्थिति जानलेवा हो सकती है।

स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी जारी कर कहा है कि अचानक तापमान में उतार-चढ़ाव से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि शीतलहर के दौरान केवल आवश्यकता होने पर ही यात्रा करें और बाहर निकलते समय पूरी तरह गर्म कपड़े पहनें।

सर्दियों में इम्यूनिटी मजबूत रखने के लिए विटामिन C युक्त आहार जैसे संतरा, नींबू और आंवला लेना फायदेमंद है। अदरक और तुलसी की चाय या काढ़ा पीने से भी सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण से बचाव किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button