National

WhatsApp पर PAN-Aadhaar भेजने से पहले रहें सावधान, ये 5 गलतियां आपको बना सकती हैं फ्रॉड का शिकार

आजकल बैंक का काम हो, लोन लेना हो, होटल में बुकिंग करनी हो या किसी प्रॉपर्टी से जुड़ा काम, इन सभी काम के लिए PAN Card और Aadhaar Card जरूरत पड़ती है और आप इसे WhatsApp पर भेज देते हैं। काम जल्दी निपटाने के चक्कर में लोग बिना ज्यादा सोचे अपना डॉक्यूमेंट WhatsApp कर देते हैं। लेकिन यही छोटी सी आदत आगे चलकर आपके लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। दरअसल, PAN और Aadhaar कोई सामान्य फोटो या PDF नहीं हैं।

इनमें आपकी पहचान से जुड़ी अहम डिटेल होती है। समस्या सिर्फ यह नहीं है कि सामने वाला व्यक्ति इसका गलत इस्तेमाल करेगा। असली चिंता यह भी है कि आपका भेजा हुआ डॉक्यूमेंट किसके फोन में सेव होगा, कहां बैकअप होगा और भविष्य में किस तरह एक्सेस किया जा सकेगा। ऐसे में सवाल उठता है कि अगर कोई कंपनी या एजेंट WhatsApp पर KYC डॉक्यूमेंट मांगे तो क्या करना चाहिए?

PAN-Aadhaar से क्या जानकारी निकल सकती है

PAN Card में आपका नाम, PAN नंबर और जन्मतिथि जैसी महत्वपूर्ण जानकारी होती है। वहीं Aadhaar में पहचान से जुड़ी संवेदनशील जानकारी होती है। Bank Statement में आपके बैंक खाते और लेन-देन से जुड़ी डिटेल हो सकती है। अगर ऐसी जानकारी गलत व्यक्ति तक पहुंच जाए तो इसका इस्तेमाल आपको फर्जी कॉल, मैसेज या दूसरी तरह के फ्रॉड का निशाना बनाने में किया जा सकता है।

अगर कोई लोन एजेंट, प्रॉपर्टी ब्रोकर या किसी कंपनी का कर्मचारी WhatsApp पर PAN या Aadhaar मांगता है तो तुरंत भेजने के बजाय पहले कुछ सवाल पूछें। सबसे पहले उससे पूछें कि क्या कंपनी के पास Official Document Upload Portal है। अगर है तो WhatsApp के बजाय उसी पोर्टल पर डॉक्यूमेंट अपलोड करें। जहां संभव हो, कंपनियां डॉक्यूमेंट की पूरी कॉपी WhatsApp पर लेने के बजाय डिजिटल वेरिफिकेशन का इस्तेमाल कर सकती हैं।

PAN-Aadhaar WhatsApp पर भेजने से पहले 5 बातें याद रखें

1. किसी भी अनजान WhatsApp नंबर पर डॉक्यूमेंट न भेजें

सबसे पहली और जरूरी बात है कि सिर्फ WhatsApp पर मैसेज आने के आधार पर PAN या Aadhaar न भेजें। सामने वाला खुद को बैंक कर्मचारी, लोन एजेंट या किसी कंपनी का प्रतिनिधि बता सकता है, लेकिन पहले उसकी पहचान पक्की करें। अगर किसी कंपनी से आपका काम चल रहा है तो उसके ऑफिशियल नंबर या वेबसाइट पर दिए गए कॉन्टैक्ट नंबर से संपर्क करके पूछें कि क्या वास्तव में उस व्यक्ति ने डॉक्यूमेंट मांगा है। सिर्फ WhatsApp की DP, नाम या प्रोफाइल देखकर भरोसा करना सही नहीं है।

2. WhatsApp के बजाय Official Portal का इस्तेमाल करें

अगर कोई बैंक, कंपनी या दूसरी संस्था KYC के लिए PAN-Aadhaar मांग रही है तो सबसे पहले पूछें कि क्या उनका Official Document Upload Portal है। अगर पोर्टल उपलब्ध है तो WhatsApp पर PDF या फोटो भेजने के बजाय वहीं डॉक्यूमेंट अपलोड करना बेहतर विकल्प है। इससे यह ज्यादा साफ रहता है कि आपका डॉक्यूमेंट किस संस्था के सिस्टम में जा रहा है। यानी अगर सामने वाला कहे कि “WhatsApp पर ही भेज दीजिए”, तो आप पूछ सकते हैं कि क्या इसे आधिकारिक वेबसाइट या ऐप के जरिए जमा किया जा सकता है।

3. जरूरत से ज्यादा डॉक्यूमेंट शेयर न करें

कई बार सामने वाले को सिर्फ एक खास जानकारी की जरूरत होती है, लेकिन हम पूरी PDF या कई डॉक्यूमेंट भेज देते हैं। अगर किसी काम के लिए सिर्फ PAN की जरूरत है तो बिना वजह Aadhaar और Bank Statement भी भेजने की जरूरत नहीं है। Bank Statement के मामले में तो और ज्यादा सावधानी रखें, क्योंकि उसमें आपके बैंक अकाउंट और लेन-देन से जुड़ी जानकारी होती है।

4. डॉक्यूमेंट पर Purpose और Date लिख दें

अगर किसी कारण से WhatsApp पर डॉक्यूमेंट भेजना ही पड़ रहा है तो उस पर Purpose और Date का Watermark लगाना एक अच्छा सुरक्षा कदम हो सकता है। उदाहरण के लिए PAN की कॉपी पर लिखा जा सकता है: “For XYZ Loan KYC Only – 17 August 2026” इसका फायदा यह है कि डॉक्यूमेंट की कॉपी को किसी दूसरे काम में इस्तेमाल करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है और यह भी साफ रहता है कि आपने इसे किस उद्देश्य से दिया था।

5. PDF भेजनी पड़े तो Password लगाएं

अगर जरूरी डॉक्यूमेंट PDF के रूप में भेजना है और सामने वाला इसे स्वीकार करता है, तो Password Protected PDF का इस्तेमाल किया जा सकता है। सबसे जरूरी बात यह है कि PDF और उसका Password एक ही WhatsApp मैसेज में न भेजें। अगर दोनों चीजें एक साथ चली गईं तो पासवर्ड लगाने का फायदा कम हो जाएगा। PDF WhatsApp पर भेजने के बाद पासवर्ड फोन कॉल या किसी दूसरे माध्यम से बताया जा सकता है।

गलती से डॉक्यूमेंट भेज दें तो ये बात ध्यान रखें

अगर आपने गलती से किसी अनजान व्यक्ति को PAN, Aadhaar या Bank Statement भेज दिया है तो घबराने के बजाय तुरंत उस व्यक्ति या संस्था से संपर्क करके डॉक्यूमेंट डिलीट करने को कहें। साथ ही आगे आने वाले अनजान कॉल, SMS, ईमेल या बैंकिंग अलर्ट पर नजर रखें। खासकर अगर कोई व्यक्ति आपके डॉक्यूमेंट के आधार पर OTP, PIN, UPI PIN, CVV या बैंक लॉगिन जैसी जानकारी मांगता है तो उसे बिल्कुल शेयर न करें।

Related Articles

Back to top button